Mon. Apr 29th, 2024

Republic Day : 26 जनवरी को क्यों मनाया जाता है गणतन्त्र दिवस?

26 जनवरी भारत के लिए एक अहम दिन है क्योंकि इस दिन भारत में गणतन्त्र दिवस मनाया जाता है. Republic Day क्यों मनाया जाता है और गणतन्त्र का क्या मतलब होता है? कई लोगों के दिमाग में ये सवाल होता है. इन सवालों के जवाब इतिहास में छुपे हैं. भारत का गणतन्त्र होना अपने आप में एक एतिहासिक उपलब्धि थी.

गणतन्त्र दिवस क्यों मनाया जाता है? (Why Republic Day Celebrate?) 

भारत में हर साल 26 जनवरी को गणतन्त्र दिवस मनाया जाता है. असल में 26 जनवरी के दिन भारत में संविधान को लागू किया था. संविधान को लागू करने का अर्थ ये है कि भारत में किस तरह से शासन किया जाएगा? आम नागरिकों के क्या मौलिक अधिकार होंगे? चुनाव कैसे होंगे? प्रतिनिधि कैसे चुने जाएंगे? इन सभी बातों को संविधान में तय किया गया.

आप सोच रहे होंगे कि 26 जनवरी के दिन ही संविधान को क्यों लागू किया गया. साल 1929 दिसंबर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अधिवेशन में प्रस्ताव पारित कर इस बात की घोषणा की गई कि यदि अंग्रेज़ सरकार ने 26 जनवरी 1930 तक भारत को डोमीनियन का दर्जा नहीं दिया तो भारत को पूर्ण रूप से स्वतंत्र देश घोषित कर दिया जाएगा.

अंग्रेज़ सरकार ने उस समय ऐसा कुछ नहीं किया और कांग्रेस ने 26 जनवरी 1930 को भारत को पूर्ण स्वराज घोषित कर दिया. इसी दिन के कारण देश के संविधान को 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया और उसे गणतन्त्र दिवस कहा गया.

गणतन्त्र का मतलब क्या है? (Meaning of Republic) 

गणतन्त्र दिवस हर साल मनाया जाता है लेकिन अभी भी अधिकतर लोग ये नहीं जानते हैं कि गणतन्त्र का क्या मतलब होता है? गणतन्त्र में गण का अर्थ जनता होता है और गणतन्त्र का अर्थ जनता का तंत्र होता है. इसका मतलब होता है जनता के द्वारा किया जाने वाला शासन. इसमें जनता के द्वारा जनता के बीच से चुना हुआ नेता होता है जो देश के प्रमुख पदों पर होता है और देश को चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

गणतन्त्र में देश का जो नेता होता है वो आनुवांशिक नहीं होता है. मतलब वो किसी एक ही घराने से नहीं होता है. गणतन्त्र में देश का नेता जनता के द्वारा जनता के बीच से ही चुना जाता है और उसका काम जनता का भला करना ही होता है. 26 जनवरी 1950 को असल मायने में संविधान लागू करने के बाद देश को एक गणतन्त्र के रूप में पहचान मिली.

 पहली बार गणतन्त्र दिवस कब मनाया गया? (First Republic Day in India) 

15 अगस्त 1947 को भारत के आज़ाद हो जाने के बाद संविधान सभा की घोषणा हुई. संविधान सभा का कार्य संविधान को तैयार करना था. इसने अपना कार्य 9 दिसंबर 1947 से प्रारम्भ किया. इस संविधान सभा ने 2 साल 11 महीने 18 दिन में इस संविधान को तैयार किया. संविधान को 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने पारित किया था. इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू किया गया. इसी दिन भारत का पहला गणतन्त्र दिवस मनाया गया और भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ राजनेद्र प्रसाद थे जो इसी दिन राष्ट्रपति बने थे.

गणतन्त्र दिवस पर झण्डा कौन फहराता है? (Who Hoisting flag on 26 January?) 

गणतन्त्र दिवस संविधान से जुड़ा हुआ दिन है. इस दिन भारत के राष्ट्रपति दिल्ली में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण करते हैं. इस दिन वे समारोह में भव्य परेड की सलामी लेते हैं. इस दिन राज्यों में राज्यपाल राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं.

गणतन्त्र दिवस भारत का ऐतिहासिक दिन है. इस दिन का अपना महत्व है.

यह भी पढ़ें :

प्रधानमंत्री कैसे चुना जाता है, प्रधानमंत्री के कार्य एवं शक्तियां?

भारत में राष्ट्रपति निर्वाचन कैसे होता है, महाभियोग प्रस्ताव क्या है?

राज्यसभा सांसद कैसे बनते हैं, सैलरी कितनी होती है?

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *